दुगड्डा। दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनुमंती की स्थिति खस्ताहाल है। आलम यह है कि सीलन से प्रयोगशाला, स्टाफ रूम, भोजनालय की छत और दीवारों का प्लास्टर गिर रहा है। शिकायत के बाद भी शिक्षा विभाग विद्यालय भवन की सुध नहीं ले रहा है।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनुमंती की स्थापना 1990 में हुई थी। अविभाजित यूपी के समय में तत्कालीन विधायक भारत सिंह रावत ने विद्यालय भवन का लोकार्पण किया था। उस समय विद्यालय को जूनियर हाईस्कूल की मान्यता मिली थी। वर्ष 2005-06 में विद्यालय को हाईस्कूल में उच्चीकृत किया गया। इस विद्यालय में हनुमंती, मांडई, दालमीसैंण, गैनोली, सरूड़ा, सैलानी, खूनीगला, उमथगांव, टांगौं समेत आसपास के गांवों के 39 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। वर्तमान में विद्यालय का भवन खस्ताहाल है। देखरेख के अभाव में विद्यालय भवन की दीवारों के बाहरी हिस्से का प्लास्टर पूरी तरह से गिर चुका है। प्रयोगशाला, स्टाफ रूम, भोजनालय के छत की स्थिति भी सीलन के कारण जर्जर है। कक्षा कक्ष के अभाव में छात्र-छात्राएं बरामदे में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं।
ग्राम प्रधान अजय भट्ट, सरोजनी देवी, ग्रामीण मनीष सिंह, मुकेश बड़थ्वाल आदि ने विद्यालय भवन की मरम्मत एवं नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है। प्रधानाचार्य प्रवीन सिंह रावत ने बताया कि विद्यालय भवन के खस्ताहाल होने की रिपोर्ट प्रतिमाह मासिक प्रगति रिपोर्ट (एमपीआर) में भेजी जाती है। पंचायतराज विभाग को भी अवगत करा दिया गया है।
.
विद्यालय भवन ज्यादा खस्ताहाल नहीं है। यह बी श्रेणी में है और महज मरम्मत की दरकार है। इस संबंध में विद्यालय प्रशासन से प्रस्ताव मंगवाकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- अमित कुमार चंद, बीईओ दुगड्डा।