कोटद्वार। भाबर क्षेत्र में निवास करने वाले और आपदाग्रस्त क्षेत्रों से पलायन कर आए अनुसूचित जाति/जनजाति के परिवारों के जरूरी प्रमाणपत्र नहीं बनने का मामला एसडीएम के समक्ष रखा गया। एसडीएम ने मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शनिवार को भाजपा भाबर मंडल प्रभारी विवेक भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सोहन सैनी से मिलकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि भाबर क्षेत्र अंतर्गत निवास करने वाले अनुसूचित जाति जनजाति के लोगों के जाति प्रमाणपत्र, मूल निवास प्रमाणपत्र, स्थायी प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, दिव्यांग प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। इन प्रमाणपत्रों को लेकर आमजन में कई भ्रांतियां भी हैं। इन प्रमाणपत्रों के अभाव में अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। समाज के लोगों में उपेक्षा को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि झंडीचौड़ क्षेत्र में पहले ही से रह रहे अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लोग तो प्रमाणपत्र न बन पाने से परेशान थे, अब आपदाग्रस्त क्षेत्रों से जो परिवार क्षेत्र में आकर बसे हैं, वे भी परेशान हैं। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से ऐसे परिवारों के लिए क्षेत्र में शिविर लगाकर उन्हें प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में विवेक भारती, अनमोल भारती, अभिषेक कुमार और प्रदीप कुमार आदि शामिल रहे। एसडीएम ने समस्या का संज्ञान लेकर शिविर के लिए रोस्टर बनाने का आश्वासन दिया।