एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार दिन में कई प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर वहां से दूध और मावे के सेंपल भरे। इस दौरान यूपी क्षेत्र में दूध लेकर आने वाले हॉकरों के दूध की भी जांच की गई। उन्हें मिलावटी दुग्ध पदार्थ पर चेतावनी जारी की गई।
नायब तहसीलदार दिलीप सिंह नेगी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल मिश्रा की टीम शनिवार दिन में गोविंदनगर, स्टेशन रोड और नजीबाबाद मार्ग स्थित कई दूध की डेयरी और मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिलावट की आशंका के चलते दो दूध की डेयरी से दूध और मावे के सेंपल भरे गए। नायब तहसीलदार ने बताया कि कई बार तहसील दिवसों में भी दूध और दुग्ध पदार्थों में मिलावट की शिकायतें मिल रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्रा ने बताया कि दीवाली, दशहरा के पर्व से अब तक विभिन्न खाद्य पदार्थों के बीस सेंपल भरे जा चुके हैं। उनकी रिपोर्ट आनी बाकी है। इनमें दूध, मावा, मिठाई, मशाले और तेल शामिल हैं। अधोमानक पाए जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बताया कि छापेमारी और सैंपल भरने की कार्रवाई जारी रहेगी। यूपी से आने वाले दूध, मावा और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए कौड़िया बार्डर पर नजर रखी जा रही है।