कोटद्वार। 16वीं गढ़वाल राइफल्स पूर्व सैनिक संगठन से जुड़े पूर्व सैनिकों ने बटालियन के 45वां स्थापना दिवस पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। स्थापना दिवस को उत्साह के साथ मनाते हुए तीन वीर नारियों को सम्मानित भी किया गया।
बेलाडाट स्थित एक रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन सेवानिवृत्त कर्नल लक्ष्मण सिंह एवं सेवानिवृत्त सूबेदार चंद्रमोहन धूलिया ने किया। उन्होंने कहा कि 16वीं गढ़वाल राइफल्स की स्थापना से देश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली। सूबेदार चंदन सिंह ने बटालियन के इतिहास पर चर्चा करते हुए इसकी शौर्य गाथा सुनाई। उन्होंने बताया कि श्रीलंका में ऑपरेशन पवन, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन विजय बटालियन की उपलब्धियों में शामिल है। 16वीं गढ़वाल राइफल्स पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष रणवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुए कार्यक्रम में संतन सिंह, लखपत सिंह, महेश, मोहनलाल, सूरभान सिंह, जमन सिंह और अर्जुन सिंह आदि शामिल रहे।