एक अप्रैल से लागू किए गए जिला पंचायत के टोल टैक्स का ट्रांसपोर्टरों ने विरोध शुरू कर दिया है। रविवार को ट्रांसपोर्टरों ने कौड़िया चेक पोस्ट पर एकत्र होकर जिला पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेेबाजी की। सूचना मिलते ही तहसीलदार अबरार हुसैन और जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन पर ट्रांसपोर्टर शांत हुए।
रविवार शाम को व्यापार मंडल के समस्त ट्रांसपोर्टर कौड़िया चेक पोस्ट पर एकत्रित होकर राज्य की सीमा में लगाए गए जिला पंचायत के टोल टैक्स का विरोध करने लगे। ट्रांसपोर्टरों का आरोप था कि जिला पंचायत पौड़ी ने अपना टोल टैक्स चेक पोस्ट उत्तराखंड के बजाय यूपी की सीमा में लगाया गया है। एक अप्रैल से उत्तराखंड आने वाले हर मालवाहक वाहन से टैक्स वसूला जा रहा है। विरोध करने और पूछताछ करने पर वाहन चालकों से अभद्रता और मारपीट तक की जा रही है। ट्रांसपोर्टरों के सामने समस्या यह है कि वे इसकी शिकायत यूपी में करें या फिर उत्तराखंड पुलिस में। टोल टैक्स केे पौड़ी जिले का वसूला जा रहा है, जबकि टोल टैक्स चेक पोस्ट यूपी की सीमा में स्थापित किया गया है।
एक दिन में कितना शुल्क देंगे
ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिला पंचायत की ओर से टोल टैक्स वसूलने का विरोध किया जाएगा। उनकी गाड़ियां एक दिन में तीन-चार चक्कर यूपी से लगाती हैं ऐसे में वे एक दिन में कितना शुल्क वहन करेंगे। उन्होंने शीघ्र ही जिला पंचायत के टैक्स को हटाने की मांग की। तहसीलदार ने उनको लिखित में शिकायत देने को कहा। ट्रांसपोर्टरों की अगुवाई सौरभ जोशी कर रहे थे। इस अवसर पर कोतवाल जसबीर पुंडीर, एसएसआई विजय सिंह, बाजार चौकी इंचार्ज सुनील रावत भी मौजूद थे।