सात सूत्री मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी यूनियन की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को तीसरे दिन भी जारी रही। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के बैनर तले कर्मियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए धरना प्रदर्शन किया।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि निगम प्रबंधन की ओर से चालक परिचालकों को जबरन डबल ड्यूटी पर भेजा जा रहा है, जो कि नियम विरुद्ध है। कहा कि इससे जहां चालक परिचालकों का मानसिक और शारीरिक शोषण हो रहा है, वहीं निगम प्रबंधन यात्रियों की जान से भी खिलवाड़ कर रहा है। कहा कि गत पांच माह से वेतन न मिलने और वेतन की मांग पर यूनियन के पदाधिकारियों की सेवा से बर्खास्तगी के विरोध में यूनियन को हड़ताल पर जाने को मजबूर होना पड़ा है। कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन करने वालों में शाखा अध्यक्ष निर्मल सिंह, शाखा मंत्री दीपक कुमार, पदम सिंह, विपुल जयंत, अमित कुमार, हरविंदर सिंह, अंकित कुमार, सोनू सिंह, सोबित कुमार, संजय, प्रमोद कुमार, महेश शर्मा, नफीस अंसारी, इमरान अहमद, खुर्शीद जैदी, शिव कुमार, राजू और केशव देव आदि शामिल रहे।