कोटद्वार। दिल्ली जाने वाले यात्रियों की परेशानी को अमर उजाला ने उजागर किया, तो कोटद्वार डिपो प्रशासन को अपनी व्यवस्थाओं में सुधार करना पड़ा। दरअसल मोहन नगर तक जाने वाली बसों पर दिल्ली आईएसबीटी तक की प्लेट लगाए जाने से यात्री भ्रमित हो रहे थे। अमर उजाला में खबर छपने के बाद अब बसों से दिल्ली की प्लेट हटाकर मोहन नगर की प्लेट लगाई गई है।
गत सप्ताह दिल्ली सरकार ने एक बार फिर से बीएस-4 एवं डीजल चालित वाहनों एवं बसों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक लगा दी थी। जिसके बाद कोटद्वार डिपो की बीएस-4 बसों को यूपी बॉर्डर पर मोहन नगर तक सीमित कर दिया गया था। मगर बसों पर लगीं दिल्ली-आईएसबीटी की प्लेट नहीं हटाई गई थी। यात्री भ्रमित होकर बस में सवार हो रहे थे। बाद में परिचालक द्वारा बस मोहन नगर तक ही जाने की बात कहने पर दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बस से उतरना पड़ता था। इस दौरान उनकी परिचालकों से नोकझोंक भी हो रही थी।
अमर उजाला ने समस्या को 19 दिसंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद डिपो प्रशासन ने बीएस-4 बसों से दिल्ली-आईएसबीटी की प्लेट हटाकर उसके स्थान पर मेरठ, मोहन नगर की प्लेट लगाई।