नजीबाबाद रोड पर रविवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक के सामने रात को एक गाय आ गई। पशु को बचाने के चक्कर में बाइक सड़क किनारे बिजली के पोल से जा टकराई। युवक का सिर सड़क किनारे बिजली के पोल से जा टकराया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।
पुलिस के अनुसार अतीकुर्रहमान (32) पुत्र हाजी मंजूर निवासी इंदिरानगर आम पड़ाव कौड़िया कैंप में आर्मी के लिए वेल्डिंग का कार्य करता था। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह कौड़िया कैंप से काम निपटाकर घर की ओर आ रहा था। नजीबाबाद मार्ग पर भट्ट मोटर के पास अचानक सामने से एक काली गाय आ गई। अंधेरा होने के कारण वह साफ नजर नहीं आई। एकदम सामने आने पर उसे बचाने के लिए बाइक पोल से जा टकराई। बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं पहना था जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आ गई। स्थानीय युवक अभिषेक कठैत घायल को लेकर सीधे अस्पताल गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।