पिछले दिनों सीज किए गए तीन अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालकों को जिला प्रशासन ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। प्रशासन के अनुसार इनकी ओर से 15 दिन के अंदर अपना पक्ष नहीं रखे जाने पर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी चंद्र शेखर भट्ट ने बताया कि भारत सरकार से चयनित राष्ट्रीय अनुश्रवण मूल्यांकन समिति की टीम की ओर से पिछले आठ एवं नौ जनवरी को कोटद्वार क्षेत्र में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान टीम ने रजिस्टरों के रखरखाव में अनियमितता मिलने, सेंटर की ओर से प्रत्येक माह भेजी जाने वाली रिपोर्ट की स्थिति को देखते हुए टीम ने कोटद्वार में संचालित जैन अल्ट्रासाउंड एवं स्कैन सेंटर कोटद्वार, मंसा मैटरनिटी एंड सर्जिकल सेंटर और सतपुली में संचालित जैन स्कैन सेंटर की अल्ट्रासाउंड मशीनों को सीज कर दिया था। उन्होंने बताया कि टीम के निरीक्षण के दौरान इन सेंटरों में मिली अनियमितताओं को देखते हुए अब जिला प्रशासन की ओर से भी इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए हैं। अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालकों को 15 दिन के भीतर अपना पक्ष रखने को निर्देशित किया गया है। निर्धारित समय में पक्ष न रखे जाने पर और संतोषजनक जवाब न मिलने पर इन्हें सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।