ग्राम प्रधान ने एसडीएम से की कार्रवाई की मांग, बीमारी फैलने की जताई आशंका
जयहरीखाल। कोटद्वार-पौड़ी हाईवे के कोटद्वार-गुमखाल मार्ग पर सड़क किनारे होटलों से निकलने वाले और प्लास्टिक कचरे के ढेर लगे हैं। महाविद्यालय क्षेत्र से गुमखाल तक कई स्थानों पर सड़क से नीचे ढलान की ओर कचरा फेंका जा रहा है। क्षेत्र में गंदगी फैलने से प्राकृतिक जल स्रोतों के प्रदूषित होने का खतरा बढ़ गया है।
ग्राम सभा खड़ेती की ग्राम प्रधान परमीत ने एसडीएम लैंसडौन को शिकायत में कहा है कि क्षेत्र में फैले कचरे से एक होटल का नाम सामने आया है। ग्राम प्रधान ने संबंधित होटल सहित कूड़ा निस्तारण के प्रति गैरजिम्मेदार अन्य होटल एवं प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ग्रामीण अजय रावत और नरेंद्र रावत ने बताया कि सड़क से नीचे की ओर फैला कचरा सीधे प्राकृतिक जल स्रोत के आसपास पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कोटद्वार-गुमखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर्यटन एवं आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण मार्ग है लेकिन जगह-जगह फैली गंदगी से क्षेत्र की छवि धूमिल हो रही है। ग्रामीणों ने गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क किनारे फैले कचरे को तत्काल हटवाने की मांग की है।