कोटद्वार। द्वारीखाल ब्लॉक के रिंगलपानी-सौड़-जसपुर मोटर मार्ग पर झाड़ियों का कटान नहीं होने से ग्रामीणों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई है। सड़क के आधे से अधिक हिस्से में झाड़ियां फैलने से सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई और लोनिवि पर समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
ग्राम प्रधान सलोनी देवी सहित ग्रामीण रोशनी देवी, भावना, मीना देवी, विपिन नेगी, सुखपाल नेगी, प्यारेलाल, प्रवीण कुमार, वीरेंद्र सिंह, रूप सिंह, सुभाष भट्ट और सुमन बर्थवाल ने बताया कि सड़क पर झाड़ियां बढ़ने से कई लोग चोटिल हो चुके हैं। सड़क किनारे घनी झाड़ियों के कारण जंगली जानवरों की आवाजाही भी बढ़ गई है। इससे अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि झाड़ियों के कारण सड़क पर सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
मामला संज्ञान में है। अधीनस्थ अधिकारियों को झाड़ियों का कटान करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही कटान का कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
- विवेक कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडौन।