एकेश्वर विकासखंड के पब्लिक इंटर कालेज, मौंदाड़ी के प्रांतीयकरण, विद्यालय प्रबंध समिति को भंग करने एवं विद्यालय प्रधानाचार्य की कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर विद्यालय परिसर में ग्रामीण हरीश स्वामी का आमरण अनशन नवें दिन भी जारी रहा।
अनशनकारी को समर्थन देने के लिए अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में जुटे क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने प्रशासन द्वारा उनकी मांगें न माने जाने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है।
आंदोलन को तेज करने के लिए एक समिति का गठन किया गया, जिसमें जोगेश्वर प्रसाद घनशाला को अध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह रावत को सचिव, सुंदर सिंह चौहान को संरक्षक, कुसुम खंतवाल को उपाध्यक्ष एवं ब्रह्मानंद पोखरियाल को प्रचार मंत्री बनाया गया है।
बृहस्पतिवार को आंदोलन को समर्थन देने के लिए नरेश कुमार, कल्पेश्वरी देवी, रणवीर सिंह, शोभा देवी, केशवांनद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण अनशन स्थल पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से अनशनकारी का स्वास्थ्य जांचने पहुंचे डा. शिवम् चौधरी ने बताया कि हरीश स्वामी के ब्लड प्रेशर एवं वजन में गिरावट दर्ज की गई है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार सतपुली शालिनी मौर्य एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी एमएस रावत बृहस्पतिवार को अनशन स्थल पर पहुंचे हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ वार्ता शुरू कर दी है।