दुकान में जला सामान देखते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर के लोअर बाजार स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग लगने से लाखों का समान जलकर राख हो गया। देर रात अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।
अपर चोपड़ा निवासी गणेश चंद्र बृहस्पतिवार को देर शाम लोअर बाजार स्थित अपनी रेडीमेड कपड़े की दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात को करीब पौने दस बजे अचानक दुकान में आग लग गई। दुकान के भीतर से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित होकर आग बुझाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। साथ ही इसकी सूचना फायर स्टेशन को दी। जब तक अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा तब तक दुकान में रखा काफी सामान जल कर राख हो गया था।
जिला अग्निशमन अधिकारी प्रेम सिंह सती की अगुवाई में मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम पीएल शाह, सीओ धन सिंह तोमर, थानाध्यक्ष बीएल भारती समेत कई अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जिला अग्निशमन अधिकारी प्रेम सिंह सती ने बताया कि आग लगने का कारण शॉट सर्किट होना बताया जा रहा है। दुकान स्वामी गणेश चंद्र ने बताया कि अग्निकांड में करीब आठ लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से अग्निकांड में हुई क्षति का मुआवजा देने की मांग उठाई है।