कोटद्वार। रिखणीखाल पुलिस ने चौपाल लगाकर क्षेत्रवासियों को नशा और साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने बताया कि इनसे व्यक्ति शारीरिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़ जाता है।
रिखणीखाल थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल की देखरेख में थाना क्षेत्र के गांवों में ग्राम सुरक्षा समिति, महिला मंगल दल और ग्रामीणों के साथ ग्राम मेलधार में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। ग्रामीणों को साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, महिला सुरक्षा, बच्चों में लैंगिक अपराधों से बचाव, गुड टच बेड टच आदि की जानकारी दी गई। उन्हें बताया कि इंटरनेट और तकनीकी युग में ग्रामीण आसानी से आपराधिक घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।
नशे को छोड़कर और डिजिटल तकनीक के प्रति सजग रहकर ही खुद को आपराधिक घटनाओं का शिकार होने से बचाया जा सकता है। थानाध्यक्ष ने किसी को भी अपना पिन नंबर और ओटीपी नहीं बताने, अनचाहे इंटरनेट लिंक पर नहीं जाने, सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930, 1090 और 112 पर संपर्क करने की सलाह दी। चौपाल में धर्म सिंह, खुशेंद्र नेगी, दिनेश चंद, रामी देवी, लक्ष्मी देवी, दर्शन सिंह के अलावा तहसीलदार रिखणीखाल सुनील कुमार, पंचायत अधिकारी प्रदीप गुसाईं, डॉ. जयवर्धन आदि उपस्थित रहे।