बैजरो/बीरोंखाल। क्षेत्र पंचायत समिति बीरोंखाल की त्रैमासिक बैठक में जिलास्तरीय अधिकारियों के नहीं पहुंचने से जनप्रतिनिधि भड़क गए। उन्होंने बैठक स्थगित करने की मांग की। ब्लॉक प्रमुख ने बैठक स्थगित करने की घोषणा करते हुए कहा कि अगली बार जिलास्तरीय अधिकारियों के आने की सूचना मिलने के बाद ही बैठक का आयोजन किया जाएगा।
सोमवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख नेहा की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक हुई। पिछली बैठक के वाचन के बाद पुष्टि के दौरान बिरगणा के प्रधान यशपाल नेगी ने कहा कि इस सदन की पिछली बैठकों में उठाई गई समस्याओं का अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। चाहे तहसील दिवस हो या अन्य बैठक, अगर समस्याओं का निराकरण नहीं होना है, तो ऐसी बैठकों का क्या औचित्य। भाखंड के क्षेत्र पंचायत सदस्य शिशुपाल रावत सहित अन्य सदस्यों ने उनकी बात का समर्थन किया।
वहीं ज्येष्ठ उप प्रमुख कुलदीप नेगी ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक, सांसद व जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा लगातार बीरोंखाल ब्लॉक की उपेक्षा की जा रही है। इससे विकास कार्य ठप हैं और अस्पताल में चिकित्सकों की कमी जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान भी नहीं हो पा रहा है। सभी सदस्यों की मांग पर ब्लाॅक प्रमुख नेहा नेगी ने बैठक को स्थगित करने की घोषणा की। बैठक में खंड विकास अधिकारी सुदर्शन बुटोला समेत समस्त ब्लाक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।