कोटद्वार में तीन दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश के बाद मंगलवार को सात घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश से लोगों को गर्मी से रहत मिली, लेकिन सड़कों और आवासीय कालोनियों में जलभराव के कारण लोग परेशान रहे। वहीं पनियाली गदेरा उफान पर रहा।
मंगलवार सुबह नौ बजे मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश के कारण बदरीनाथ मार्ग, झंडाचौक, स्टेशन रोड, भाबर रोड पर कई जगह पानी भर गया जिससे लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया। कोटद्वार की सबसे व्यस्त सड़क देवी रोड पर नालियों की सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया और बरसाती पानी कई दुकानों और घरों में जा घुसा। ऐसे में लोगों का सामान भी खराब हो गया। बलभद्रपुर वार्ड, चर्च रोड कालोनी में बरसाती पानी घुस जाने के कारण दोनों कालोनियों की सड़कें तालाब बन गईं। वहीं पनियाली गदेरे के उफान पर होने के कारण तटवर्ती क्षेत्र के लोग सतर्क हो गए। गदेरे के नजदीक रह रहे कई लोगों ने आपदा के भय से अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। शाम चार बजे बारिश बंद होने पर लोगों ने चैन की सांस ली।