बीरोंखाल/कोटद्वार। बीरोंखाल ब्लॉक सभागार में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित तहसील दिवस में कुल 51 शिकायतें दर्ज हुईं। जिसमें से 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम पौड़ी डॉ. आशीष चौहान ने शेष सभी शिकायतों के जल्द निस्तारण करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। ज्यादातर शिकायतें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व बैंकिंग सुविधाओं से जुड़ीं रहीं।
तहसील दिवस में ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप सिंह नेगी ने पीएमजीएसवाई की बदहाल दुनाऊ-ढिस्वाणी मोटर मार्ग समेत कई सड़कों का मामला उठाया। जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को जांच के निर्देश दिए हैं। स्थानीय निवासी प्रेम सिंह नेगी की क्षेत्र में गैस एजेंसी में गैस बुकिंग के पंजीकरण संबंधी शिकायत पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को क्षेत्र में गैस की बुकिंग के पंजीकरण, पूर्ति विभाग की खाद्यान्न की गुणवत्ता, ओवर रेटिंग, बीरोंखाल के पास पेट्रोल पंप बंद होने व गैस बुकिंग जैसी शिकायतों देखते हुए पूर्ति व राजस्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इन समस्याओं के निराकरण के लिए शिविर लगाने के निर्देश भी दिए। सीली तल्ली गांव निवासी सुनील कुमार ने कहा कि पांच दिन पूर्व 25 सितंबर को गुलदार ने उनके 13 वर्षीय बालक कीर्तन कुमार पर हमले का प्रयास किया था। क्षेत्र में वन्यजीव संघर्ष बढ़ता जा रहा है। तहसील दिवस में वन विभाग के किसी सक्षम अधिकारी के उपस्थित नहीं होने व प्रतिनिधि के तौर पर आए कर्मचारी को प्रकरण की जानकारी नहीं होने पर डीएम ने हैरानी जताई। उन्होंने डीएफओ पौड़ी से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित स्थल पर निरंतर गश्त करना सुनिश्चित करें।
बीरोंखाल व स्यूंसी में विगत एक माह से एटीएम बंद होने की शिकायत पर डीएम ने लीड बैंक अधिकारी से वस्तुस्थिति स्पष्ट होने के बाद संबंधित बैंक मैनेजर के वेतन आहरण पर रोक लगाने को कहा। उन्होंने थानाध्यक्ष थलीसैंण को इन दोनों बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि पॉली हाउस किसी अपात्र व्यक्ति को दिया गया तो संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी से इसकी वसूली के साथ ही अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कहा कि पॉली हाउस के वितरण को लेकर एसडीएम के स्तर पर शीघ्र ही एक जांच कराई जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम शालिनी मौर्य, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, प्रधान संगठन अध्यक्ष ओमपाल बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी पौड़ी डॉ. वीके यादव, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, डीपीओ देवेंद्र थपलियाल, सिंचाई विभाग के ईई सचिन शर्मा, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. सौरभ बौंठियाल, बीडीओ जयपाल सिंह पायल, तहसीलदार आनंदपाल और जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।
.
डीएम ने फार्मासिस्ट के निलंबन आदेश तैयार करने के दिए निर्देश
बीरोंखाल। डीएम ने ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप सिंह नेगी की शिकायत पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा महादेव में तैनात फार्मासिस्ट रुचिन माहेश्वरी के निलंबन आदेश तैयार करने के निर्देश दिए। बताया कि फार्मासिस्ट एक सप्ताह के स्वीकृत अवकाश के बाद पिछले 10-12 दिन से अनुपस्थित चल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थलीसैण का निरीक्षण किया था, जिसमें पूरा चिकित्सालय तो खुला मिला, लेकिन वहां एक वार्ड बॉय तक मौके पर उपस्थित नहीं पाया गया, जो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर प्रश्न चिह्न खड़ा करता है।
.
कोटद्वार में पांच शिकायतें दर्ज हुईं
कोटद्वार। तहसील सभागार में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उमेश पांथरी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में पांच शिकायतें दर्ज हुईं। पदमपुर निवासी मनोज सिंह रावत ने जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए जिला स्तर के अधिकारियों के लिए अनटाइड फंड की व्यवस्था करने, कोटद्वार में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय की स्थापना करने, क्षेत्र में सरकारी भूमि पर रहे बीपीएल परिवार को भूमि के पट्टे आवंटित करने की मांग की। इस मौके पर दर्ज सभी शिकायतें संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश के साथ भेजी गई हैं।