सतपुली-खैरा-दुधारखाल मार्ग और सतपुली-कांडाखाल-सिसल्डी मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा आने से दोनों मार्ग 24 घंटे से यातायात के लिए बंद हैं। वहीं दोनों क्षेत्रों में बिजली की लाइनें टूटने से जयहरीखाल ब्लाक के 90 से अधिक गांव में 24 घंटे से अधिक समय से बिजली नहीं है। दुधारखाल और कांडाखाल क्षेत्रों से ग्रामीण 15 से 20 किमी पैदल दूरी चलकर सतपुली पहुंच रहे हैं।
सतपुली-दुधारखाल मार्ग पर गवाणा के पास 50 मीटर मार्ग ध्वस्त हो गया है। इसके अलावा दुधारखाल और लवाड़ के पास बड़ी मात्रा में मलबा आया हुआ है। वही सतपुली कांडाखाल-सिसल्डी-जल्ली मार्ग, सतपुली-रैतपुर-जयहरीखाल मार्ग भी कई स्थानों पर मलबा आने से बंद पड़ा है। लोक निर्माण विभाग लैंसडौन के अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल ने बताया कि तीनों सड़कों को खुलवाने के लिए जेसीबी लगी है। गवाणा समेत अन्य स्थानों पर अधिक संख्या में पत्थर आने से काम अवरुद्ध हो रहा है। दूसरी ओर बिजली लाइनें टूटने से जयहरीखाल ब्लाक के खैर, खैरासैंण, गवाणा, दुधारखाल बाजार, कांडाखाल, कांडई, बबीना, तोली, मोली, धेरुवा, रसीला समेत कई गांवों में बिजली नहीं है।
यूपीसीएल सतपुली के जेई कालूराम ने बताया कि दोनों क्षेत्रों में कई जगहों पर लाइनें टूटी हैं, जिनकी मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, बीरोंखाल ब्लाक के अंतर्गत दुुनाव लैंगल मोटर मार्ग सोमवार शाम को मलबा आने और पेड़ गिरने से बाधित हो गया था। पीएमजीएसवाई सतपुली की ओर से जेसीबी लगाकर मंगलवार दोपहर दो बजे मार्ग पर यातायात सुचारु कराया गया।