कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम के चुनाव में मेयर पद पर छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह रावत और कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत के बीच माना जा रहा है। निर्दलीय प्रत्याशी सेवानिवृत्त सैनिक महेंद्रपाल सिंह रावत मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। चुनाव प्रचार के लिए 24 घंटे शेष रह गए हैं। ऐसे में सभी प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत चुनाव प्रचार में झोंक दी है। भाजपा को जहां चोरी-छिपे भितरघात का खतरा बना हुआ है, वहीं कांग्रेस खुले तौर पर भितरघात से जूझ रही है। ऐसे में पूर्व सैनिक महेंद्रपाल सिंह रावत मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
कोटद्वार नगर निगम में मेयर के चुनाव के लिए भाजपा से पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस से रंजना रावत, यूकेडी से महेंद्र सिंह रावत, बसपा से महेश नेगी पार्टी प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में महेंद्रपाल सिंह रावत और गोपालकृष्ण बड़थ्वाल चुनाव मैदान में उतरे हुए हैं। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह रावत और कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत के बीच माना जा रहा है, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व सैनिक महेंद्रपाल सिंह रावत मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। आवासीय भवनों के साथ ही नगर की दीवारें पोस्टरों, बैनरों से पटे हुए हैं। प्रत्याशियों के समर्थक दिन रात प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं।
कोटद्वार के मेयर की कुर्सी को लेकर छिड़े संग्राम में भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह रावत को जहां सांगठनिक मज़बूती, डबल इंजन सरकार, ज़मीनी पकड़ का लाभ मिलेगा। वहीं, पहले से मेयर पद का टिकट कटने से नाराज चल रहे पदाधिकारियों से भितरघात का खतरा भी मंडरा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत भी कमज़ोर सांगठनिक ढांचे, खुले तौर पर भितरघात के खतरे से आशंकित है। इसके बावजूद कांग्रेस को पारंपरिक व अल्पसंख्यक वोट बैंक, महिलाओं की सहानुभूति जीत की उम्मीद जगा रही है। भाजपा में चोरी-छिपे और कांग्रेस में खुले तौर पर भितरघात के खतरे को लेकर दोनों ही पार्टियां आशंकित हैं। ऐसे में मेयर पद पर तीसरा पूर्व सैनिक प्रत्याशी महेंद्रपाल सिंह रावत मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के प्रयास में जुटे हैं।
.
कोटद्वार नगर निगम चुनाव: 1,18,828 लोग करेंगे मताधिकार का प्रयोग
कुल 108 पोलिंग बूथ बनाएं, 33 संवेदनशील व 13 अति संवेदनशील बूथ किए गए घोषित
कोटद्वार। आगामी 23 जनवरी को होने वाले कोटद्वार नगर निगम के चुनाव के लिए जिला व तहसील प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। 40 वार्डों वाले नगर निगम में इस बार के चुनाव में 1,18,828 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें 60,060 महिला मतदाता व 58,742 पुरुष मतदाता व 26 अन्य मतदाता शामिल हैं।
एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि प्रशासन की ओर से नगर निगम चुनाव के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। 40 वार्ड वाले कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में मतदान के लिए 108 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जिसमें 62 बूथ सामान्य हैं। 33 बूथ संवेदनशील और 13 अति संवेदनशील बूथ चिह्नित किए गए हैं।