बीईएल रोड पर स्थित जीवानंदपुर में गत 24 दिसंबर की रात एक घर में फायरिंग के मामले के खुलासे को कोतवाली पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त बदमाशों को दबोचने के लिए कोटद्वार और इससे बाहर पूरा मुखबिरों का जाल बिछा दिया है। शुक्रवार को जहां तीन टीमें कोटद्वार से बाहर रवाना की गई, वहीं कोटद्वार में भी जांच को तेजी से बढ़ाया जा रहा है। पुलिस इस मामले की कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बदमाश उसकी गिरफ्त में होंगे।
गत 24 दिसंबर को ट्रांसपोर्टर शिशुपाल सिंह नेगी ने घर पर दो बदमाशों ने तीन राउंड फायर कर दहशत फैला दी थी। शिशुपाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए मामले की विवेचना में जुट गई है। ट्रांसपोर्टर शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि उसके भाई योगंबर सिंह नेगी उर्फ डब्बू को कोटद्वार के चर्चित वकील सुशील रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस की ओर से गवाह बनाया गया है। उसे डराने और धमकाने के इरादे से उनके घर पर फायरिंग करवाई गई है। उसने स्पष्ट रुप से इस ओर इशारा भी किया है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि इस मामले की जांच तेजी से की जा रही है। टीमें रवाना कर दी गई हैं। बताया कि जरूरी नहीं इस मामले के तार रघुवंशी हत्याकांड से ही जुड़े हो। मामले के तार प्रापर्टी, खनन और रंगदारी से भी जुड़े हो सकते हैं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।