अब कोटद्वार में ऑटो चालकों को अपने साथ ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के सभी कागजातों को रखने की आवश्यकता नहीं होगी। पुलिस की ओर से सभी कागजातों की जांच करने के बाद ऑटो चालक को एक आईडी कार्ड जारी किया जाएगा। इस आईडी कार्ड की योजना से बाहरी अपराधी तत्वों पर पाबंदी लगेगी। कोटद्वार में चोरी के वाहन नहीं चल पाएंगे और यातायात के नियमों का पालन हो सकेगा।
मंगलवार को कोतवाली में सीओ जेआर जोशी ने ऑटो एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने ऑटो चालकों से शहर की यातायात व्यवस्था को बनाने में सहयोग करने की अपील की। कहा कि जनता और ऑटो चालकों की सुविधा के लिए पुलिस कार्ड जारी करेगी।
पूरे कागजातों को देखने के बाद ऑटो चालक को कार्ड जारी किया जाएगा। कहा कि यातायात के नियमों को बार-बार तोड़ने पर वाहन चालक का कार्ड निरस्त कर लाइसेंस निरस्त करने की भी संस्तुति की जाएगी।
सीओ ने बताया कि ऑटो चालकों को कार्ड जारी होने पर उन्हें वाहन में हर समय वाहन के कागजात रखने की आवश्यकता नहीं होगी। चोरी के ऑटो का पता चल जाएगा और बाहर से आने वाले अपराधी और बिना लाइसेंस के कोई भी ऑटो नहीं चला पाएगा।