लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत कोटद्वार और कालागढ़ में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर शुक्रवार को यूपी-उत्तराखंड के पांच बाॅर्डर एरिया सील रहे। इस दौरान इक्का-दुक्का रोडवेज बसें चलीं। जिन्हें चेकिंग के बाद ही आने-जाने दिया गया। शादी बरात की बसों और छोटे वाहनों को भी नहीं रोका गया। कोटद्वार और कालागढ़ के पांचों बैरियरों पर बृहस्पतिवार से ही चेकिंग बढ़ा दी गई थी। यूपी से उत्तराखंड में घुसने वाले जंगल के रास्तों पर भी दोनों राज्यों की पुलिस निगाह बनाए हुए थी।
कोटद्वार में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिला एवं यूपी के बिजनौर जिले के पांच अंतरराज्यीय बैरियर हैं। इसमें कोटद्वार का कौड़िया, दिल्ली फार्म व सनेह बैरियर पर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। कमोवेश यही हालात कालागढ़ थाने के हनुमान मंदिर व मीरापुर बैरियर का रहा। एएसपी जया बलोनी ने बताया कि अधिकारी व कर्मचारी पूरी तन्मयता के साथ काम करते रहे। पूरे इलाके में मतदान शांतिपूर्ण रहा।