जयहरीखाल। हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए।
अंडर-14 आर्टिस्टिक पेयर वर्ग में सार्थक कंडवाल और देवांश शाह ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में संस्कृति गुसाईं ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अंडर-19 बालिका वर्ग में सौम्या शर्मा, अंडर-19 बालक वर्ग में सागर और वरुण ने दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीते। अंडर-14 बालक वर्ग में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मालकोट, पोखड़ा के विभोर और करन ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। इसी वर्ग के बालिका वर्ग में तुलसी जुयाल और आस्था बड़थ्वाल ने भी कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में शिवपुर कोटद्वार स्थित सार्थक योगशाला के खिलाड़ियों ने विशेष प्रदर्शन किया। राजकीय इंटर कॉलेज कांडाखाल की यशिका नेगी, मेघा रावत, सोनाक्षी, प्रियांशी पंवार और प्रियांशी रावत सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया। पौड़ी गढ़वाल की 35 सदस्यीय टीम के प्रभारी राकेश कंडवाल और कोच जितेंद्र प्रसाद धस्माना रहे। टीम को जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, पौड़ी गढ़वाल का मार्गदर्शन और सहयोग मिला। राज्य स्तरीय टीम के चयन में व्यायाम प्रशिक्षक प्रवीण बिष्ट का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।