आमपड़ाव में स्कूल गेट के सामने ढक्कन क्षतिग्रस्त
तहसील चौराहे में चेंबर के साइड में हुआ गड्ढा, जनप्रतिनिधि और विभाग नहीं ले रहे सुध
कोटद्वार। इंदिरानगर आमपड़ाव में राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 के मुख्य गेट के सामने सीवर चेंबर का ढक्कन पिछले कई दिनों से क्षतिग्रस्त है। इससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को खतरे के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है। वहीं तहसील चौराहे के पास पटेल मार्ग पर भी सीवर चेंबर के किनारे कटाव होने से गहरा गड्ढा बन गया है। शिकायत के बावजूद चेंबरों की मरम्मत नहीं होने से लोगों में रोष है।
मानपुर निवासी बीना देवी, कोमल सिंह और बीरेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल के मुख्य गेट के सामने सीवर चेंबर का ढक्कन टूटने से हादसे का खतरा बना है। मार्ग से आमपड़ाव के अलावा मानपुर, शिवपुर, लालपुर, पदमपुर और ध्रुवपुर के लोग भी आवाजाही करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, तहसील चौराहे पर पटेल मार्ग में सीवर चेंबर के किनारे कटाव होने से गहरा गड्ढा बन गया है।
उधर, जलकल विभाग के अवर अभियंता त्रिभुवन गुसाईं ने बताया कि सीवर चेंबर के ढक्कन क्षतिग्रस्त होने का मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही क्षतिग्रस्त चेंबर और ढक्कनों की मरम्मत करा दी जाएगी।