बीरोंखाल ब्लाक के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैजरो में कार्यरत फार्मेसिस्ट के कोरोना पॉजिटिव आने पर एहतियातन अस्पताल को दो दिन के लिए बंद कर दिया है। उधर, जनता इंटर कालेज जोगीमढ़ी में कार्यरत एक अध्यापक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद विद्यालय को तीन दिन के लिए बंद कर दिया है। कोटद्वार और आसपास के पर्वतीय क्षेत्र में छह लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल के प्रभारी डॉ. शैलेंद्र रावत ने बताया कि पीएचसी बैजरो को एहतियातन अगले दो दिन के लिए बंद कर सैनिटाइज किया जा रहा है। बताया कि जनता इंटर कालेज जोगीमढ़ी में कार्यरत एक अध्यापक का स्वास्थ्य खराब होने पर वह दिल्ली इलाज के लिए गए थे। जांच कराने पर बृहस्पतिवार को वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद शुक्रवार को विद्यालय के सभी स्टाफ व 73 छात्रों के सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए भेज दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को बीरोंखाल बाजार में कैंप लगाकर कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे। कैंप में क्षेत्र के सभी व्यापारी व कर्मचारी जांच करा सकेंगे।