जलसंस्थान की लापरवाही के चलते सनेह क्षेत्र के ग्रास्टनगंज और रतनपुर में सैकड़ों की आबादी को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। गत तीन दिन से क्षेत्र के ट्यूबवेल की मोटर फुंक जाने के कारण पेयजल आपूर्ति ठप है।
ग्रास्टनगंज स्थित ट्यूबवेल की गत बृहस्पतिवार को मोटर फुंक गई। तब से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप है। लोगों की मांग पर विभाग की ओर से टैंकर की व्यवस्था की गई, लेकिन एक मात्र टैंकर आने के कारण पानी भरने वालों की भीड़ लग गई। पानी भरने की होड़ में लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। इस कारण कोरोना वायरस के फैलने का खतरा बना हुआ है।
समाजसेवी विपुल बलूनी, सुरेंद्र सिंह, राकेश काला व पवन कुमार ने जलसंस्थान पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बार-बार ट्यूबवेल फुंक जाने के कारण लोगों को हफ्तों तक पेयजल किल्लत से जूझना पड़ता है। वर्तमान में पहले ही लोग लॉकडाउन के चलते घरों में बंद हैं, ऐसे में पेयजल किल्लत नहीं होने के कारण लोगों को अनेक परेशानियां हो रही हैं। उधर, जलसंस्थान के सहायक अभियंता बीआर चौधरी ने बताया कि ग्रास्टनगंज स्थित ट्यूबवेल की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। शीघ्र क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु की जाएगी।