जलसंस्थान की लापरवाही के चलते शहर के लोग पेयजल किल्लत से परेशान हैं। रखरखाव में कमी के चलते एक बार फिर से डिग्री कॉलेज के नजदीक का और गाड़ीघाट का ट्यूबवेल खराब हो गया है। जिसके कारण हजारों लोग पिछले पांच दिनों से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं।
एक नवंबर को डिग्री कालेज रोड स्थित ट्यूबवेल में खराबी आ गई थी। विभान ना तो ट्यूबवेल की मरम्मत करा रहा है और ना ही क्षेत्र में पानी के टैंकर भेज रहा है। जिसके कारण ट्यूबवेल से जुड़े शिवपुर, मानपुर, जौनपुर, बैंक कालोनी, कालाबड़, आमपड़ाव, गाड़ीघाट और बाजारी क्षेत्र क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। लोग विभाग को पानी के लिए शिकायत कर रहे हैं, लेकिन विभाग क्षेत्र में पानी की व्यवस्था बनाने का आश्वासन देकर काम चला रहा है।
पेयजल उपभोक्ता कमल बिष्ट, गणेश भट्ट, प्रेमचंद्र कबटियाल, नरेंद्र रावत, नीलम असवाल, कुलानंद जुयाल, माहेश्वरी देवी, एमएस खत्री, महेंद्र सजवाण ने जलसंस्थान पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि पिछले पांच दिनों से वे पानी के लिए परेशान हैं। वे विभाग के अधिकारियों के आश्वासन पर पानी की बाल्टी के साथ दिनभर पानी के टैंकरों का इंतजार करते हैं, लेकिन विभाग पेयजल उपभोक्ताओं को भ्रमित कर रहा है। लोग देवी रोड से किसी प्रकार पीने की पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। चेताया कि शीघ्र पानी की व्यवस्था नहीं करने पर विभाग के ईई का घेराव किया जाएगा।
उधर, जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता एलसी रमोला ने बताया कि डिग्री कॉलेज रोड वाले ट्यूबवेल के बिजली उपकारण में फाल्ट आ गया है। गाड़ीघाट के ट्यूबवेल की मोटर फुंक गई है। शीघ्र समस्या का समाधान कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।