कोटद्वार। वार्ड 33 हल्दूखाता मल्ला क्षेत्र में कलालघाटी से जशोधरपुर की ओर बिछाई जा रही नई पेयजल लाइन में मानकों का पालन न होने पर क्षेत्रवासी गुस्साए गए। उन्होंने पार्षद जेपी बहुखंडी को मौके पर बुलाकर जल संस्थान की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। पार्षद ने मामले की शिकायत अधिकारियों से की। इसके बाद अवर अभियंता किरन कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। जेई ने ठेकेदार को मानकों के अनुसार पाइप लाइन बिछाने के निर्देश दिए।
पार्षद जेपी बहुखंडी ने बताया कि कलालघाटी-जशोधरपुर मुख्य सड़क के दांयी ओर के किनारे पर जल संस्थान की ओर से खुदाई कर पेयजल लाइन बिछाई जा रही है। कहा कि ठेकेदार द्वारा मानकों के विपरीत एक से डेढ़ फुट की खुदाई कर पाइप डाले जा रहे हैं, जिससे भविष्य में सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।
कहा कि पूर्व में इस संबंध में जल संस्थान के अधिकारियों से वार्ता की गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। कहा कि शुक्रवार को उन्होंने जेई किरण कुमार को मौके पर बुलाकर निरीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान जेई ने शिकायत सही पाते हुए ठेकेदार को मानकों के अनुसार दो से ढाई फीट की खुदाई कर ही पाइप लाइन डालने के निर्देश दिए। इस मौके पर जगदंबा प्रसाद उनियाल, कुंदन सिंह नेगी, अरविंद डबराल, विद्या दत्त केष्टवाल आदि मौजूद रहे।