शासन की स्वीकृति के इंतजार में शहर में लटके विकास कार्यों को लेकर जल्द बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। यह बात पत्रकारों से बात करते हुए पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने कही। उन्होंने कहा कि बजट के अभाव में कलक्ट्रेट भवन का काम रोक दिया गया है। शासन से स्वीकृति न मिलने पर बस अड्डे का निर्माण भी रुका हुआ है।
उन्होंने कहा कि 16 अक्तूबर को लोगों के साथ बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव स्तर से विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर ही आंदोलन समाप्त करेंगे। पालिका के बजट का 70 फीसदी हिस्सा पार्किंग स्थलों के विकास में खर्च किया जा रहा है। कई बड़े नेताओं ने राजनीति की शुरुआत पौड़ी से की, लेकिन अब वे इस शहर के बारे में रत्ती भर भी नहीं सोचते।
बेनाम ने उड़ी हमले में मारे गए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। कहा कि सीमा पर बढ़े हुए तनाव को देखते हुए वे इस वर्ष शरदोत्सव नहीं मनाएंगे। वह राज्य आंदोलनकारी होने के नाते चौबट्टाखाल से कांग्रेस के टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। टिकट न मिलने पर वे निर्दलीय मैदान में उतरेंगे। उन्होंने पौड़ी विधानसभा क्षेत्र में कर्मठ प्रत्याशी को जनता के बीच उतारने का एलान किया।