बैजरो। जीआईसी स्यूंसी में तैनात अंग्रेजी के प्रवक्ता को जीआईसी बैजरो भेजने से नाराज अभिभावकों ने शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) का घेराव किया। इस दौरान डीईओ और अभिभावकों के तीखी नोकझोंक हुई। अभिभावकों ने डीईओ पर उनसे अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पूर्व की स्थिति बहाल न किए जाने पर कल से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। डीईओ ने अभिभावकों से अभद्रता करने के आरोपों को निराधार बताया है।
शुक्रवार को अभिभावकों ने जीआईसी स्यूंसी में आयोजित बैठक में शिरकत करने पहुंचे मुख्य शिक्षा अधिकारी मदन सिंह रावत का घेराव किया। अभिभावक संघ के अध्यक्ष जगदीश बिष्ट व अन्य अभिभावकों ने कहा कि बैजरो के छात्र और अभिभावक विद्यालय में शिक्षकों की कमी के चलते आंदोलित थे और उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बीरोंखाल मे ताला बंदी कर रखी थी। शिक्षा विभाग ने आंदोलन को समाप्त करने के लिए स्यूंसी में तैनात अंग्रेजी के प्रवक्ता को तीन माह के लिए बैजरो में अटैच कर दिया। कहा कि शिक्षक के अटैचमैंट से विद्यालय में अंग्रेजी विषय की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर डीईओ ने तुगलकी फरमान जारी करते हुए दो वादन स्यूंसी और दो वादन बैजरो में लगाने का भरोसा दिया। इस पर अभिभावक भड़क गए और दोनों पक्षों के बीच काफी नोकझोंक हुई। अभिभावकों का आरोप है कि डीईओ ने उनके साथ अभद्रता की। उधर, डीईओ मदन सिंह रावत ने अभिभावकों से अभद्रता के आरोपों से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि पठन पाठन की व्यवस्था बनाना उनका काम है। बैजरो में अंग्रेजी के अध्यापक की व्यवस्था महज तीन माह के लिए की गई है।
-फोटो