आठ दिवसीय पंचायत महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आगाज हो गया। नयार नदी के किनारे हो रहे महोत्सव के पहले दिन स्कूली छात्रों ने सतरंगी छटा बिखेरकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इससे पूर्व महोत्सव का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक तीरथ रावत ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए ऐसे मेलों के आयोजनों पर बल दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत श्रीवर्म पब्लिक स्कूल, मलेथी के नौनिहालों ने सरस्वती वंदना से की। इसके बाद राप्रावि कांडा के छात्रों ने नंदा राजजात पर आधारित मां भगवती नंदा पर नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को भाव विभोर कर दिया जबकि प्रावि खैरासैंण की छात्राओं, माडर्न पब्लिक स्कूल सतपुली, सरस्वती विद्या मंदिर सतपुली, हंस सनराईज एकेडमी और बाल भारती स्कूल पाटीसैंण के छात्रों ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक विद्यालयों के छात्रों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं।
नंदराम की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का संचालन नरेश सुंद्रियाल एवं अचलानंद ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एकेश्वर ब्लॉक प्रमुख सुधा नेगी, महोत्सव के आयोजक जगदंबा डंगवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित मोहन खंतवाल (सतपुली), राजपाल रावत (पोखडा), कुसुम खंतवाल, सुनील डंडरियाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।