प्रदेश सरकार के राज्य वित्त की धनराशि की कटौती के विरोध में दुगड्डा ब्लाक के ग्राम प्रधानों का तहसील पर नौवें दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। आक्रोशित प्रधानों ने ई-डिस्ट्रिक्ट केंद्र पर ताले ठोककर प्रमाणपत्रों का काम ठप कर दिया।
शुक्रवार को दुगड्डा ब्लॉक के अधिकतर ग्राम प्रधान तहसील परिसर में एकत्रित हुए। उन्होंने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी के साथ ई-डिस्ट्रिक्ट केंद्र पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने बीडीसी के दौरान विकास खंड कार्यालय पर प्रधानों द्वारा लगाए गए ताले तोड़ने का विरोध किया। कहा कि प्रधानों के लगाए गए ताले को तोड़कर बीडीसी मेंबरों ने सभा कर निंदनीय कार्य किया है जिसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय के लिए स्पष्ट निर्देश नहीं होने से परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों और अन्य दस्तावेजों में खामियां होने के कारण लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेताया कि सरकार शीघ्र व्यवस्थाओं में सुधार और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो प्रधान उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर प्रधान डबल सिंह रावत, दीपक पांडे विनोद रावत, चंद्र प्रकाश नैथानी, विजय राम, बसंती थलेड़ी, किरन काला, सुनीता देवी, मीनाक्षी रावत, रितु चमोली, विजय राम आर्य, रमेश भंडारी आदि मौजूद थे।