द्वारीखाल ब्लाक के अंतर्गत ग्रामसभा कलोड़ी में दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं मनरेगा कंवर्जन्स के तहत पहाड़ी हाट बाजार का निर्माण किया गया है। बृहस्पतिवार को ब्लाक प्रमुख द्वारीखाल महेंद्र सिंह राणा पहाड़ी हाट बाजार का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हाट बाजार में काश्तकार और हस्तशिल्पी अपने पहाड़ी उत्पादों का आसानी से विपणन कर सकेंगे।
ब्लाक प्रमुख द्वारीखाल महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि अब क्षेत्र के काश्तकारों और हस्तशिल्पियों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पहाड़ी हाट बाजार काश्तकारों और हस्तशिल्पियों को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। बीडीओ अतिया परवेज ने उत्पादों के आकर्षक पैकेजिंग पर भी जोर दिया। एबीडीओ योगेंद्र सिंह नेगी ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि पहाड़ी हाट बाजार में पहाड़ी व्यंजन भी उपलब्ध होंगे। स्वयं का उद्यम स्थापित कर पहाड़ी कृषि उत्पादों और हथकरघा उत्पादों को स्वयं सहायता समूह अपने नाम से विक्रय करें, जिससे बाजार में उनकी पहचान बन सके। कार्यक्रम में 150 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्टॉल भी लगाए गए। समारोह में प्रधान संगठन के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, कुलभूषण सिंह, विजय कुमार, वीरेंद्र सिंह, राजमोहन सिंह, नेहा डबराल, एनआरएलएम की शिवानी गुसाईं, संगीता देवी, रेखा देवी, रुचि देवी, पंकज नेगी और सौरभ बिष्ट आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनमोहन बिष्ट ने किया।