आर्य कन्या इंटर कॉलेज में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की एक ओर से आयोजित कार्यशाला में पुलिस ने छात्राओं को कानून, साइबर क्राइम, बाल अपराध, यौन शोषण और ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। कहा कि मानव तस्करी रोकने के लिए युवाओं को जागरूक करने की जरूरत है।
कार्यशाला का शुभारंभ प्रधानाचार्य रेनू नेगी ने किया। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट प्रभारी रणवीर चंद्र, नरेश नौटियाल और मुकेश कुमार ने मानव तस्करी की रोकथाम और सरकारी योजनाओं की छात्राओं को जानकारी दी। कहा कि मानव तस्करी खत्म करने के लिए मजबूत और सशक्त बनना होगा। इसको रोकने के लिए बालश्रम रोकना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए परिजनों से मिलकर उन्हें जागरूक करना होगा। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों से किसी भी आपराधिक षड्यंत्र या असामाजिक गतिविधियों का अंदेशा होते ही तत्काल 108, 112 और 100 नंबर पर पुलिस को सूचना देने की अपील की। कार्यशाला में शिक्षक हेमा अग्रवाल, रश्मि चौधरी, कीर्ति ध्यानी, उमा नेगी, दर्शनी रावत, पुष्पा बलादी, सरोज रावत आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अलका बिष्ट ने किया।