कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में खाली पड़े प्लॉटों में उगी झाड़ियां लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनती जा रही है। वहीं, झाड़ियों के कारण जंगली जानवरों को छिपने का ठिकाना मिलने से गुलदार की आबादी वाले क्षेत्रों में आवाजाही बढ़ने का खतरा बना है।
पार्षद सौरभ नौडियाल व श्रीधर वेदवाल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर खाली प्लॉटों की सफाई कराने और भू-स्वामियों को नोटिस जारी करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कई निजी भूखंड लंबे समय से खाली पड़े हैं। नियमित देखरेख और सफाई नहीं होने से इनमें झाड़ियां उगी है।
पार्षदों ने कहा कि हाल के दिनों में नगर क्षेत्र में दिन के समय भी गुलदार की चहलकदमी देखी जा रही है। ऐसे में झाड़ियों में वन्यजीवों के छिपने की आशंका लोगों की चिंता बढ़ा रही है। उन्होंने सभी खाली प्लॉटों को चिह्नित कर सूची तैयार करने और भू-स्वामियों को निर्धारित समय में सफाई कराने के नोटिस देने की मांग की।