श्रीनगर। गोतीर्थाश्रम के समीप देर शाम सुरक्षा के बीच आखिरकार शराब की दुकान खोल दी गई। दुकान के अनुज्ञापी राकेश रावत ने यहां शराब की दुकान खोलने के तहत सुरक्षा को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस पर बुधवार को हाईकोर्ट की ओर से यहां दुकान अनुज्ञापी और उसके सेल्समेनों को सुरक्षा प्रदान करने के आदेश दिए गए। देर शाम यहां ठेका खोल दिया गया। इससे पूर्व दिन में यहां शराब की दुकान खुलने की सूचना पर महिलाओं ने यहां पहुंचकर प्रदर्शन किया था।
बुधवार सुबह गोतीर्थाश्रम के समीप शराब की दुकान खोले जाने की भनक लगते ही महिलाएं और गढ़वाल विवि के छात्र यहां पहुंचे और शराब की दुकान खोले जाने का विरोध किया। महिलाओं ने कहा यदि विरोध के बावजूद यहां शराब की दुकान खोली गई तो उग्र आंदोलन करेंगे। विरोध प्रदर्शन करने वालों में शामिल अंजू भट्ट, पवित्रा नौटियाल, बीना धीरवाण, सुलोचना भट्ट, रजनी रावत, आयुष मियां, मंजीत रावत, विभोर बहुगुणा, दिनेश पंवार, अरुण नेगी, प्रदीप पंवार, जगदंबा रतूड़ी, डा. अरविंद दरमोड़ा शामिल थे।
वहीं देर शाम यहां सुरक्षा के बीच शराब की दुकान खोल दी गई। कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि शराब अनुज्ञापी राकेश रावत और उसके सेल्समैनों को दुकान के अंदर सुरक्षा प्रदान करने के लिए हाईकोर्ट का आदेश मिला है। इसमें जो भी अवरोध पैदा करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के बीच रात आठ बजे के बाद यहां शराब का ठेका खोल दिया गया।