पौड़ी। बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी उठाने वाले शिक्षक ही स्कूल से गायब रहेंगे तो भला पढ़ाई कैसे हो पाएगी। जिलाधिकारी सुशील कुमार के निर्देश पर बुधवार को जब 80 स्कूलों में अधिकारियों की ओर से निरीक्षण किया गया तो इन स्कूलों में तैनात 308 शिक्षकों में से 58 शिक्षक गायब मिले। जिलाधिकारी ने स्कूलों में नदारद अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा की बदहाली पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी सुशील कुमार ने अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल अपने-अपने क्षेत्र के पांच-पांच विद्यालयों में औचक निरीक्षण करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पांच बिंदुओं पर निरीक्षण आख्या मांगी है। उनमें मुख्य रूप से अध्यापक, छात्र व छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना तथा बुधवार को पौष्टिक आहार वितरण के साथ ही शौचालयों की स्थिति शामिल है।
बुधवार को जनपद के 80 प्राथमिक, जूनियर एवं इंटरमीडिएट कालेजों का औचक निरीक्षण किया गया। इन विद्यालयों में कार्यरत 308 शिक्षकों के सापेक्ष 58 अध्यापक अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा 25 शिक्षक प्रशिक्षण पर तथा दो शिक्षिकाएं मातृत्व अवकाश पर होने की जानकारी प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने उक्त बिंदुओं के अनुरूप औचक निरीक्षण में अनुपस्थित अध्यापकों व शौचालयों की स्थिति तथा मध्याह्न भोजन में अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।