कोटद्वार भाबर के सिगड्डी क्षेत्र में स्थापित सिद्धबली स्टोन क्रशर का निरीक्षण करती अधिकारियों ?
- फोटो : KOTDWAR
हाईकोर्ट के निर्देश पर शासन की ओर से गठित कमेटी ने कोटद्वार के सिगड्डी में लगे सिद्धबली स्टोन क्रशर का निरीक्षण किया। सीडीओ आशीष भटगाईं की अगुवाई में राज्य प्रदूषण नियंत्रण, खनन, राजस्व और वन अधिकारियों की संयुक्त टीम ने स्टोन क्रशर का मुआयना किया। इस दौरान अधिकारियों ने राजाजी नेशनल पार्क से स्टोन क्रशर की दूरी समेत कई तथ्यों की जांच की और आवश्यक दस्तावेज साथ ले गए।
सीडीओ आशीष भटगाईं ने बताया कि हाईकोर्ट के दिशा निर्देश के अनुसार सिद्धबली स्टोन क्रशर का मौका मुआयना किया गया है। संयुक्त जांच टीम में एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, भूतल एवं खनीकर्म विभाग के संयुक्त निदेशक सुनील पंवार, एसडीओ फारेस्ट जीसी बेलवाल और पर्यावरण प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड समेत कई विभागों से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि उक्त संयुक्त निरीक्षण कोटद्वार के सिगड्डी निवासी देवेंद्र सिंह अधिकारी द्वारा हाईकोर्ट में दाखिल जनहित याचिका के संदर्भ में की गई है, जिसमें कोर्ट ने शासन से राजाजी नेशनल पार्क के दायरे में प्रदूषण फैलाने और मानकों को पूरा करने संबंधी रिपोर्ट तलब की है। याचिकाकर्ता देवेंद्र सिंह अधिकारी ने बताया कि स्टोन क्रशर के प्रदूषण से खेती के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। कहा कि उक्त स्टोन क्रशर सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन को भी पूरा नहीं करता है। ब्यूरो