गोविंदनगर की सील की गई गलियों में मूलभूत सुविधाएं नहीं दिए जाने पर भड़के लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव किया। उन्होंने प्रशासन से संक्रमित व्यापारी की गली को छोड़कर बाकी चार गलियों को खोलने की मांग की।
रविवार देर शाम को प्रशासन की ओर से मालिनी और जिला परिषद मार्केट को सोमवार से खोलने की सूचना मिलते ही गोविंदनगर के लोग बाजार पुलिस चौकी के सामने एकत्र हो गए। लोगों के एकत्र होने की सूचना मिलते ही तहसीलदार और कोतवाल मौके पर पहुंचे। लोगों ने उनका घेराव करते हुए गोविंद नगर की पांच गलियों में से एक गली को छोड़कर बाकी को खोलने की मांग की। लोगों ने प्रशासन पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि एक ओर प्रशासन ने मालिनी और जिला परिषद मार्केट को खोल दिया है, जबकि गोविंद नगर की पांच गलियों को सील किया गया है।
मालिनी और जिला परिषद मार्केट में अधिकतर दुकानें गोविंद नगर के इन्हीं गलियों के निवासियों की हैं। प्रशासन की कार्यप्रणाली के कारण लोग परेशान हैं। उन्होंने व्यापारी के घर वाली गली को छोड़कर अन्य सभी सील की गई गलियों को खोलने की मांग की। इस अवसर पर वरिष्ठ व्यापारी लाजपत राय भाटिया, राकेश गर्ग, महेश भाटिया, राकेश अग्रवाल, जयकुमार भाटिया, जोधाराम भाटिया आदि मौजूद थे।