कोटद्वार कोतवाली में बकरीद को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों से वार्ता करते एसडीएम योगेश मेहरा।
- फोटो : KOTDWAR
कोरोना काल में ईद उल अजहा (बकरीद) को मनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने मुस्लिम समुदाय के लोगों की बैठक की। इसमें प्रशासन ने लोगों से अपने घरों में ही ईद की नमाज अदा करने की अपील की। प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
रविवार को कोतवाली में आयोजित बैठक में एसडीएम योगेश मेहरा ने कहा कि ईद के दिन सामूहिक नमाज पर भी सख्त पाबंदी लगाई गई है। एएसपी प्रदीप राय ने कहा कि कुछ लोग बकरीद के दिन कुर्बानी के लिए नजीबाबाद जाना चाहते हैं, लेकिन बिजनौर जिले के रेड जोन होने पर नजीबाबाद जाने और वहां से मांस लाने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी। इस अवसर पर सीओ अनिल कुमार जोशी, कोतवाल मनोज रतूड़ी, पार्षद नईम अहमद, जामा मस्जिद के इमाम मो. बदरूल इस्लाम अंसारी, नफीस अहमद मंसूरी व एहसान आलम आदि मौजूद थे।
लैंसडौन। तहसील कार्यालय में हुई बैठक में एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने कहा कि बकरीद में मस्जिद में नमाज पढ़ने व कुर्बानी पर रोक लगा दी गई है। साथ ही जन्माष्टमी पर्व पर डोला यात्रा में पांच लोग ही सशर्त शामिल होंगे। सत्यनारायण मंदिर समिति के पदाधिकारियों से कहा कि जन्माष्टमी पर्व पर जन्मोत्सव, प्रसाद वितरण का कार्यक्रम नहीं किया जाएगा। बैठक में कोतवाली प्रभारी एसएन गैरोला, नायब तहसीलदार हरीश जोशी, सफाई निरीक्षक दीपक मिश्रा, व्यापार मंडल सचिव गुलाब सिंह, सत्यनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मस्जिद के अध्यक्ष कमर खान आदि मौजूद रहे।