ट्रांसफर-पोस्टिंग प्रक्रिया एक माह बाद भी लंबित
कुछ बंद ओपीडी पर लटके ताले, एक ही कक्ष में बैठने को मजबूर चिकित्सक
कोटद्वार। चिकित्सकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग प्रक्रिया एक माह बाद भी लंबित हैं। बंद हुईं ओपीडी पर ताले लटके हैं। वहीं असमंजस के बीच अस्पताल प्रशासन आने वाले चिकित्सकों के लिए कक्ष बनवाने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि निदेशालय से अपडेट सूची का इंतजार है।
राजकीय बेस अस्पताल में तैनात ऑर्थो सर्जन डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. वीसी काला की संविदा समाप्त हो चुकी है। उनकी बंद ओपीडी पर ताला लटका है। दोनों कक्ष किसी अन्य चिकित्सक को आवंटित नहीं किए गए हैं। अस्पताल से संबद्ध चल रहे फिजिशियन डॉ. शिवम नेगी को पौड़ी भेजा गया है। बीते कई दिनों से उनकी ओपीडी पर भी ताला लटका है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र कुमार रिलीव होकर जा चुके हैं। खाली हुए उनके ओपीडी कक्ष को भी किसी अन्य चिकित्सक को आवंटित नहीं किया गया है।
वहीं, सर्जन डॉ. सतीश कुमार का स्थानांतरण रुक गया, वे अपने ही ओपीडी कक्ष में मरीजों को उपचार दे रहे हैं। हालात ये हैं कि ट्रांसफर होकर अस्पताल आए सर्जन डॉ. करमवीर को अलग से ओपीडी कक्ष आवंटित नहीं किया गया। वे डॉ. सतीश कुमार की ओपीडी में ही बैठकर उपचार कर रहे हैं।
एक महीने बाद भी ट्रांसफर-पोस्टिंग प्रक्रिया को अंतिम रूप नहीं दिए जाने को लेकर अस्पताल प्रशासन भी असमंजस की स्थिति में है। वहीं, उनके ज्वाइन करने पर कक्ष कम पड़ जाएंगे। ऐसे में अस्थायी चैंबर बनवाने का काम तो अभी शुरू नहीं किया गया है बल्कि मरम्मत कराकर एक-दो ओपीडी कक्ष तैयार करने पर काम चल रहा है।