कोटद्वार में उत्तराखंड-यूपी बार्डर पर रैपिड एंटीजन टेस्ट नहीं होने से परेशान बाहरी राज्य से आए ल?
- फोटो : KOTDWAR
उत्तराखंड-उत्तरप्रदेश बार्डर स्थित कौड़िया चेक पोस्ट पर रैपिड एंटीजन किट उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को तत्काल कोरोना की रिपोर्ट नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों को रिपोर्ट आने तक होम क्वारंटीन रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। एम्स ऋषिकेश से रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन लग रहे हैं, जिससे दिक्कत हो रही है।
यूपी बार्डर पर वर्तमान में प्रतिदिन करीब एक सौ लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। जिन लोगों के सैंपल लिए गए हैं, उनके मोबाइल नंबर और पते स्वास्थ्य विभाग के रजिस्ट्रर में दर्ज किए जा रहे हैं। रैपिड एंटीजन किट नहीं होने के कारण लोगों के कोरोना सैंपल को एम्स ऋषिकेश जांच के लिए भेजा जा रहा है।
कौड़िया चेक पोस्ट पर दिल्ली से पहुंचे किशोर शर्मा, राजस्थान से पहुंचे डा. प्रेम, पूना से राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सरकार द्वारा उत्तराखंड बार्डर पर ही टेस्ट की आदेश के बाद वे उत्तराखंड आए थे, लेकिन यहां पर रैपिड एंटीजन टेस्ट की सुविधा मौजूद नहीं है। उनका कोरोना सैंपल लिया गया है। तीन दिन बाद रिपोर्ट आने की बात बताई जा रही है। कहा गया है कि उन्हें रिपोर्ट आने तक सरकारी क्वारंटीन में रहना पड़ेगा। रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही उन्हें अपने घर जाने की अनुमति दी जाएगी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें आइसोलेट किया जाएगा।
पौड़ी जिले में अब तक 2500 रैपिड एंटीजन किट मिली थी, जिन्हें सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया था। फिलहाल रैपिड एंटीजन किट उपलब्ध नहीं है, इसकी मांग की गई है। यूपी बार्डर पर कोरोना सैंपलिंग की व्यवस्था जारी है।
- डा. मनोज बहुखंडी, सीएमओ पौड़ी