कोटद्वार। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बुधवार को ग्रास्टनगंज क्षेत्र में बुलडोजर से स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण ध्वस्त किया। ग्रास्टनगंज वासियों को स्पष्ट किया गया कि अधिग्रहित की गई भूमि पर बने पक्के निर्माण को संबंधित लोगों ने नहीं तोड़ा, तो उसे बुलडोजर से गिरा दिया जाएगा। फोरलेन बाईपास मार्ग के लिए जल्द से जल्द भूमि खाली कराई जानी है।
मेरठ-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 691 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले करीब छह किमी लंबे फोरलेन बाईपास मार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि को खाली कराने की कवायद चल रही है। बुधवार को नामित मजिस्ट्रेट/नायब तहसीलदार सरदार सिंह चौहान की उपस्थिति में एनएचएआई के प्रोजेक्ट इंजीनियर अभिषेक कुमार ग्रास्टनगंज पहुंचे। यहां फोरलेन बाईपास मार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई जमीन पर बुलडोजर चलाकर स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।
नामित मजिस्ट्रेट ने फोरलेन बाईपास मार्ग निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने की बात कहते हुए इसके निर्माण में किसी तरह का अवरोध उत्पन्न नहीं करने की लोगों को सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपत्ति होने पर कार्यालय दिवस में उनसे अथवा एनएचएआई के अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। इस दौरान कोटद्वार कोतवाली का पुलिस बल, पटवारी सीता एवं एनएच खंड के कर्मचारी मौजूद रहे।
.
- बोले प्रोजेक्ट इंजीनियर
ग्रास्टनगंज के साथ ही सनेह, काशीरामपुर, जीतपुर, रतनपुर, बिशनपुर आदि क्षेत्रों में चिह्नित व अधिग्रहित की गई भूमि फोरलेन मार्ग निर्माण के लिए जल्द से जल्द खाली की जानी है। ग्रास्टनगंज में करीब 25 मकान हटाए जाने हैं। लोगों द्वारा स्वयं नहीं हटाने पर बुलडोजर चलाना पड़ेगा।
- अभिषेक कुमार, प्रोजेक्ट इंजीनियर, एनएचएआई नजीबाबाद