कोटद्वार। रोडवेज डिपो का नया भवन बनकर तैयार होने के बाद भी रोडवेज बसें डिपो के बाहर सड़क से ही संचालित हो रही हैं। ऐसे में बुधवार सुबह बसों की लंबी कतार से जाम लगने पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाया।
कोटद्वार में सात दशक पहले बना रोडवेज डिपो का भवन जर्जर होने के कारण ध्वस्त कर दिया गया है। वहीं चार मंजिला नया भवन बनकर तैयार हो चुका है। इसके बाद भी रोडवेज बसें डिपो के बाहर मुख्य मार्ग पर खड़ी कर यात्रियों की प्रतीक्षा की जा रही है। कोटद्वार के अलावा उत्तराखंड के देहरादून, श्रीनगर, हल्द्वानी समेत अन्य डिपो एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न डिपो की बसें कोटद्वार पहुंचे से दिन में कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है। बसों के जमघट से लगने वाले जाम से क्षेत्रीय दुकानदारों, गोविंदनगर व आसपास रहने वाले परिवारों को झेलना पड़ रहा है। बुधवार सुबह पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बसें हटवाकर जाम खुलवाया।
वहीं, रोडवेज डिपो के एआरएम अनुराग पुरोहित ने बताया कि ध्वस्त किए गए डिपो के पुराने भवन का काफी मलबा उठाया जा चुका है। अवशेष मलबे को भी जल्द हटा लिया जाएगा। डिपो के नए भवन के बाहरी हिस्से में मिट्टी-मलबा भरान कर क्षेत्र को जल्दी समतल करने के लिए कहा गया है। उन्होंने भूमि समतल होते ही चहारदीवारी निर्माण और प्रवेश व निकास द्वार बनाए जाने की बात कही।