कोटद्वार। रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जानकीनगर की एनएसएस इकाई के सात दिवसीय शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर नेहा पंवार और नामित चौधरी सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुने गए।समापन समारोह का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि एएसपी चंद्रमोहन सिंह ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी एवं नशा उन्मूलन के बारे में जानकारी दी और सभी स्वयंसेवियों को अपने भविष्य की लक्ष्य निर्धारण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ट्रैफिक नियमों से भी अवगत कराया। उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने पर भी जोर दिया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी राजन शर्मा ने सात दिवसीय शिविर की आख्या प्रस्तुत की।
कहा कि प्रतिकूल मौसम में स्वयंसेवियों ने अनुशासित रहकर शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने मतदान जागरूकता अभियान और स्वच्छता अभियान चलाया। एनएसएस स्वयंसेवी अर्चना गुप्ता, नामित चौधरी, अपर्णा कोली, अदिति नेगी और पीयूष ने शिविर में प्राप्त अनुभवों को साझा किया। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 स्वयंसेवियों को सम्मानित किया गया। इससे पूर्व स्वयंसेवियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, लक्ष्य गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर एसआई सुमनलता, प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती, विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र जखमोला, राकेश चमोली, प्रेम, संतोष, अनिल कोटनाला और सरोज नेगी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम संचालन रोहित बलोदी ने किया।