शहर के कई विद्यार्थियों को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए मुजफ्फरनगर कांड की तिथि के बारे में तो दूर, राज्य आंदोलन की जन्मस्थली तक का पता नहीं है। सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे कई विद्यार्थियों को यह तक पता नहीं है कि उत्तराखंड के गांधी के नाम से किसे जाना जाता है। शुक्रवार को मुख्यालय के छह विभिन्न स्कूलों के बच्चों से राज्य आंदोलन पर आधारित पांच सवाल किए गए तो हैरान करने वाली स्थितियां सामने आईं। पूछने पर कई विद्यार्थियों ने पं. जवाहर लाल नेहरू को उत्तराखंड का गांधी बताया।
राज्य बने 15 वर्ष हो चुके हैं। पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के मद्देनजर उत्तराखंड राज्य की मांग के समर्थन में हुए आंदोलन की शुरुआत इसी शहर से हुई थी। इसके बावजूद शहर के राजकीय विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को राज्य आंदोलन के बारे में काफी कम जानकारी है। उनसे जब मुजफ्फरनगर कांड के स्थल के बारे में पूछा गया तो कुछ विद्यार्थियों ने इस घटना को पाकिस्तान में बताया तो कुछ ने दिल्ली व पंजाब में। राज्य आंदोलन की पहली लड़ाई कहां से शुरू हुई। इस सवाल का जवाब कोई नहीं बता पाया। एक स्कूल के कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थी भी राज्य गठन कब हुआ और राज्य आंदोलन की शुरुआत कहां से हुई इन सवालों पर बगल झांकते नजर आए। राज्य आंदोलन में शहीद हुए लोगों की संख्या और नाम की जानकारी होना तो दूर की बात।
छात्र-छात्राओं की शिकायत है कि राज्य आंदोलन की जानकारी उन्हें ज्यादातर राज्य स्थापना दिवस पर ही दी जाती है जो आधी-अधूरी होती है।
राजकीय इंटर कालेज
पौड़ी। यहां कक्षा 6 व 7 के शुभनाम, सूरज, विशाल, रोहित, प्रियांशु, शुभम व अजय ने राज्य के गठन की तिथि नौ नवंबर बताई, लेकिन इस सवाल पर वे चुप हो गए कि राज्य आंदोलन की शुरुआत कहां से हुई। मुजफ्फरनगर गोली कांड कहां हुआ? इसका जवाब किसी ने पाकिस्तान तो किसी ने दिल्ली व पंजाब बताया।
राजकीय बालिका इंटर कालेज
पौड़ी। कक्षा 6 व 7 की छात्रा सानिया, आराधना, साक्षी, कंचन, विमला, चंद्रकला और जिया ने राज्य स्थापना कब हुई, उत्तराखंड का गांधी कौन है इन सवालों का जवाब तो दिया, लेकिन आंदोलन की जन्म स्थली व मुजफ्फरनगर कांड कब और कहां हुआ। इसके बारे में वे कुछ नहीं बता पाए।
डीएवी इंटर कालेज
पौड़ी। छात्रा स्वाति, रिंकी, मेघा, मनीषा, दीक्षा, कोमल, सोनाली व निर्मला आदि ने राज्य स्थापना की तिथि नौ नवंबर बतायी। राज्य का गांधी व आंदोलन की शुरुआत किस जगह से हुई इसका जवाब नहीं दे पाए। यहां के कक्षा 10 व 12 के छात्रों को राज्य के गांधी व मुजफ्फरनगर गोली कांड की तिथि तक मालूम नहीं है।
राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक हाईस्कूल
पौड़ी। छात्रा शिवानी, शालिनी, मेघा, मोनिका, प्रिया और अंजली ने राज्य स्थापना की तिथि व उत्तराखंड का गांधी कौन है के बखूबी जवाब दिए, लेकिन उन्हें भी राज्य आंदोलन की शुरूआत कहां से हुई तथा मुजफ्फरनगर गोली कांड कब हुआ के जवाब मालूम नहीं।
नगर पालिका नंबर 5 व जूनियर हाई स्कूल नंबर 11
पौड़ी। इन विद्यालयों के 5वीं के छात्र नितिन, नजीफुद्दीन, मुकेश, उमेश तथा नंबर 11 के छठवीं व 7वीं के गौरव, गोपाल, विशाल, पूनम, अरुण व प्रीति को राज्य गठन की तिथि व उत्तराखंड के गांधी कौन है का जवाब कंठस्थ याद था, लेकिन आंदोलन किस जगह से शुरू हुआ तथा मुजफ्फरनगर घटना कब और कहां हुई, इसका पता नहीं।