सात सूत्री मांगों के निराकरण को लेकर उत्तराखंड राज्य निर्माण सेनानी मोर्चा का तहसील परिसर में धरना 25वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने धरना स्थल पर हवन, अनुष्ठान कर मसूरी कांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विज्ञापन
शुक्रवार को आंदोलनकारियों ने डा. शक्तिशैल कपरवाण की अध्यक्षता में तहसील में धरना दिया। आंदोलनकारियों ने मसूरी कांड के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों की आत्मा की शांति के लिए हवन अनुष्ठान करते हुए सदैव उन्हें याद रखने का संकल्प लिया।
कहा कि जिन लोगों ने उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश से अलग करवाने में अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया, आज प्रदेश सरकार उन्हें ही अनदेखा कर रही है। सरकार की इस कार्यप्रणाली से आंदोलनकारियों में रोष व्याप्त है। इस मौके पर महेंद्र सिंह रावत, हयात सिंह गुसाईं, मीना रौतेला, रामकुमार माहेश्वरी, राजमोहन सिंह नेगी, रीना देवी, देशबंधु कुकरेती, कृष्णा काला, नवीन चमोली, गायत्री भट्ट व मुकेश देवरानी आदि मौजूद थे।