गढ़वाल विवि के प्रशासनिक भवन में आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। शिक्षणेतर कर्मचारी परिषद ने विभिन्न मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की दशा में सात जुलाई से आंदोलन की चेतावनी दी हैं। वहीं कर्मचारी नेता देवेंद्र फरस्वाण ने भी कुलपति को ज्ञापन भेज अनशन की चेतावनी दी है।
बुधवार को शिक्षणेतर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नरेश खंडूड़ी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कुलसचिव डा. एके झा से वार्ता की। नरेश खंडूड़ी ने कहा कि वर्षों से विवि में सेवाएं दे रहे दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को ग्रेड पे का लाभ दिया जाए। परिषद के पूर्व महासचिव मनोज रतूड़ी ने वर्षों से एक ही विभाग में तैनात कर्मचारियों का स्थानांतरण किए जाने की मांग की।
कर्मचारियों ने आवास आवंटन नीति को लेकर भी आक्रोश जताया। कर्मचारी सतीश थपलियाल व मनोज रतूड़ी ने मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की दशा में सात जुलाई से प्रशासनिक भवन परिसर में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
वहीं दूसरी ओर, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष व कर्मचारी नेता देवेंद्र फरस्वाण ने कुलपति को ज्ञापन भेज आवास आवंटन, मृतक आश्रित, स्थानांतरण, दैनिक वेतन भोगियों को ग्रेड पे का लाभ दिए जाने सहित अन्य मांगों पर कार्रवाई की मांग की है।