गोविंद नगर में डेंगू बीमारी के बारे में स्व. पूनम थपलियाल के परिजनों से मुलाकात कर जानकारी लेते स?
- फोटो : KOTDWAR
नगर निगम क्षेत्र में डेंगू से हुई दो महिलाओं की मौत के बाद हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने गाड़ीघाट और काशीरामपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें नालियों में गंदगी पसरी होने, पानी इकट्ठा होने और कीटनाशकों का छिड़काव न होने के बारे में बताया। कहा कि नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इस पर सीएमओ ने लोगों से अपने आसपास सफाई रखने और फॉगिंग की अपील की। सीएमओ ने बेस अस्पताल और नगर निगम में बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश जारी किए।
सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि दो महिलाओं की डेंगू से मौत के मामले में नगर आयुक्त केएस नेगी से मुलाकात की है। बताया कि वह गोविंदनगर में स्व. पूनम थपलियाल के परिवार से भी मिले। बताया कि वह अन्य कई बीमारियों से भी ग्रसित थीं। इसके बावजूद डेंगूू को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है। सीएमओ ने गाड़ीघाट और काशीरामपुर क्षेत्र का दौरा कर वहां सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान लोगों ने सीएमओ को बताया कि नगर निगम की बैठकों में दूसरे मसलों पर तो चर्चा कराई जाती है लेकिन सफाई और कीटनाशक के छिड़काव जैसे संवेदनशील मसले पर चुप्पी साध ली जाती है। सीएमओ ने कहा कि जल्द ही पौड़ी लौटकर इस मामले पर जिला प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
अस्पताल में डेंगू संदिग्ध मरीजों का उपचार चल रहा है। 12 बेड का डेंगू वार्ड भी बनाया गया है। बेस अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट तैयार है। इसके लिए लाइसेंस मिलने का इंतजार किया जा रहा है। लाइसेंस मिलते ही डेंगू के मरीजों का उपचार शुरू कर दिया जाएगा। - डॉ. केए तिवारी, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक बेस अस्पताल कोटद्वार।
नगर निगम की फॉगिंग मशीन में तकनीकी खराबी आई हुई है। उसे ठीक करवाने का प्रयास किया जा रहा है। नालियों की नियमित सफाई और कीटनाशकों का छिड़काव कर्मियों के माध्यम से करवाया जा रहा है। - केएस नेगी, नगर आयुक्त कोटद्वार।