कोटद्वार। मादिगा रिजर्वेशन पोराटा समिति (राष्ट्रीय समिति) के बैनर तले शनिवार को हुई एक बैठक हुई। बैठक में बीते 6 अक्तूबर को भारत के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश वीआर गंवई पर जूता फेंककर उन्हें अपमानित करने की घटना की भर्त्सना की गई। कहा गया कि देश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था के ऊपर हमला करके ऐसे कृत्य करने वाले अधिवक्ता राकेश किशोर का विरोध करने एवं कठोर सजा की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन 17 नवंबर से छेड़ा जाएगा।
यहां सिमलचौड़ में हुई सभा को समिति के उत्तराखंड राज्य अध्यक्ष आशीष कुमार और समिति के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री मंदा कृष्णा मादिगा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने 17 नवंबर को दिल्ली में होने वाले आंदोलन में अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया। इस मौके पर सरोज बाला, सुरेंद्र लाल आर्य, अरविंद वर्मा, बबीता अंबेडकर, मीना बछुवान, विकास आर्य, गीता देवी, अनुज चौधरी, संजीव कुमार, प्रशांत चौधरी आदि मौजूद रहे।